UP Board Exam: यूपी बोर्ड परीक्षा की पहली और दूसरी पाली की परीक्षा समाप्त
परीक्षा देकर बाहर निकले विद्यार्थियों ने खुशी जताई और कहा कि प्रश्न पत्र बेहद आसान रहा।
UP Board Exam
लखनऊ। (UP Board Exam) उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की 10वीं व 12वीं की परीक्षा का आज पहला दिन है। सुबह की पाली में अलग-अलग जिलों में हाईस्कूल की हिंदी के प्रश्न पत्र की परीक्षा सम्पन्न हुई। परीक्षा देकर बाहर निकले विद्यार्थियों ने खुशी जताई और कहा कि प्रश्न पत्र बेहद आसान रहा। जो पढ़ा वही पूछा गया। दूसरी पाली में 12वीं की परीक्षा हुई। (UP Board Exam)
(UP Board Exam) परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र के साथ आधार कार्ड लेकर जाना अनिवार्य
इसके पहले सुबह परीक्षा केंद्र पहुंचने पर लखनऊ के काली चरण इंटर कॉलेज में परीक्षार्थियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। इसके बाद चेंकिंग कर उन्हें इंट्री दी गई। परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र के साथ आधार कार्ड लेकर जाना अनिवार्य है। किसी भी तरह की इलेक्ट्रॉनिक गैजेट या स्मार्ट वॉच पर लाने पर प्रतिबंध है। इस मौके पर माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी ने परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज जियामऊ परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों से मुलाकात की और अभ्यर्थियों का स्वागत करने के साथ ही तनावमुक्त होकर परीक्षा देने की अपील की।
लखनऊ में जुबिली इंटर कॉलेज में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया
परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यहां परीक्षा देने पहुंचे परीक्षार्थियों स्वागत किया गया।
डीआईओएस राकेश कुमार ने बताया यहां पर्याप्त संख्या में कंप्यूटर और स्टॉफ लगाए गए हैं। छात्रों को किसी भी तरह की परेशानी होने पर तुरंत समाधान किया जाएगा। बता दें कि राजधानी लखनऊ में 1,03,088 अभ्यर्थी परीक्षा दे रहें । इनमें हाईस्कूल में 51,907 और इंटरमीडिएट 51,181 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। परीक्षा की निगरानी के लिए 121 केंद्र, बाह्य केंद्र और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई है। 8000 से अधिक कैमरे और 4000 से अधिक कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। सुबह पाली की परीक्षा शुरू हो चुकी है।
सीतापुर में 146 परीक्षा केंद्र बनाए गए, विद्यार्थियों को टीका लगाकर प्रवेश दिया गया
यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए सीतापुर जिले में 146 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। पहले दिन पहली पाली में हाईस्कूल में हिंदी का प्रश्न पत्र है। इसमें करीब 51 हजार विद्यार्थी शामिल हो रहे हैं। 6 सचल दल परीक्षा केंद्रों की ओर रवाना हो गए हैं। नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए जिले को 7 जोन व 12 सेक्टर में बांटा गया है। विद्यार्थियों को टीका लगाकर अंदर प्रवेश दिया गया। विद्यार्थियों के अंदर काफी उत्सुकता बनी हुई है। हालांकि कई परीक्षा केंद्रों पर सुबह के समय सुरक्षाकर्मी नदारद दिखे।
यूपी में कुल 8033 परीक्षा केन्द्र बनाए गए
इस वर्ष कुल 53,37,778 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं, जिनमें हाईस्कूल के 27,61,696 और इंटरमीडिएट के 25,76,082 छात्र-छात्राएं शामिल हैं।
परीक्षाओं को पूर्णतः नकलविहीन, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए प्रदेश में कुल 8033 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं, जिनमें 596 राजकीय, 3453 अशासकीय सहायता प्राप्त और 3984 स्ववित्त पोषित विद्यालय शामिल हैं।
18 जनपद संवेदनशील, राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम से हो रही निगरानी
माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी ने परीक्षा से पूर्व मंगलवार को शिक्षा निदेशक (माध्यमिक), लखनऊ शिविर कार्यालय में स्थापित राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम का उद्घाटन किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप इस वर्ष परीक्षा व्यवस्था को पूरी तरह तकनीक आधारित और पारदर्शी बनाया गया है। 18 जनपदों को संवेदनशील घोषित किया गया है, जबकि 222 परीक्षा केन्द्रों को अति संवेदनशील और 683 को संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। इन केन्द्रों पर एसटीएफ और स्थानीय अभिसूचना इकाई को पूरी परीक्षा अवधि में सक्रिय रखा जाएगा तथा अति संवेदनशील केन्द्रों का दिन में दो बार निरीक्षण सुनिश्चित किया गया है।
पिछली सरकारों में ठेके पर नकल होती थी, योगी सरकार में अब कोई सोच नहीं सकता- माध्यमिक शिक्षा मंत्री
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं बुधवार से शुरू हो चुकी हैं। माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी ने बुधवार को पहले दिन राजकीय बालिका इंटर कॉलेज जिया मऊ परीक्षा केंद्र पर पहुंचे परीक्षार्थियों को फूल देकर स्वागत किया।
परीक्षा से पहले 12वीं की छात्रा ने ट्रेन से कटकर दी जान
अंबेडकरनगर में बुधवार की सुबह परीक्षा से पहले 12वीं की छात्रा ने ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। घटना से घर में चीख पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। घटना मालीपुर थाना क्षेत्र के मालीपुर-जाफरगंज टिकरी के पास की है। यहां सुबह इंटर की छात्रा मनीषा (17) ने ट्रेन से कटकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
बताया गया कि खजूरी गांव निवासी राजकुमार की पुत्री मनीषा राम अवतार इंटर कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी। बुधवार को उसका बोर्ड परीक्षा का पहला पेपर था। सुबह करीब 9 बजे वह रेलवे ट्रैक पहुंची। यहां ट्रेन से कटकर जान दे दी।
परिजनों ने बताया कि घर में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसके बाद मनीषा नाराज होकर घर से निकल गई थी। वह तीन बहनों में दूसरे नंबर पर थी। तीन बहनों में एक भाई है। घटना से परिवार में मातम का माहौल है।
थानाध्यक्ष स्वतंत्र कुमार मौर्य ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आगे की जांच की जा रही है।













