Shahjahanpur News: शाहजहांपुर के लोधीपुर में 5 लाख की चोरी!
पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा किया जाएगा।
पुनीत मिश्रा
शाहजहांपुर। (Shahjahanpur News) शाहजहांपुर जिले के रोजा थाना क्षेत्र के लोधीपुर में बीती मंगलवार की रात चोरों ने घर में घुसकर करीब 5 लाख रुपये की चोरी कर ली। पीड़ितों की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है जिनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा किया जाएगा। इस चोरी की घटना में आधा दर्जन लोगों के शामिल होने की आशंका है। (Shahjahanpur News)
(Shahjahanpur News) अज्ञात चोरों ने बनाया निशाना
जानकारी के मुताबिक, घटना रोजा थाना क्षेत्र की है। यहां लालसा बाबा की मजार के पीछे रेलवे लाइन के किनारे अवनीश मिश्रा अपने परिवार के साथ रहते हैं। अवनीश के परिवार में उनकी पत्नी ममता मिश्रा, दो बेटे अंश मिश्रा, विशाल मिश्रा और बेटी कोमल मिश्रा हैं। बताया जा रहा है कि मंगलवार की देर रात अज्ञात चोर घर के पीछे से दीवार पर चढ़कर छत पर चढ़े और फिर पीछे के दरवाजे से घर में दाखिल हुए।
अवनीश के साले मनीष दीक्षित ने बताया कि घटना के वक्त उनकी बहन ममता बाहर बरामदे में सो रही थी। वहीं पर बैग में रखी अलमारी की चाबी टंगी रहती है। मनीष के मुताबिक, चोरों ने बैग से चाबी निकाली और अलमारी में रखे करीब 13 लाख के जेवर निकाल लिए और करीब डेढ़ लाख रुपये नगद लेकर चंपत हुए।
पीड़ित अवनीश की बेटी कोमल की माने तो घर में खटपट की आवाज सुनकर वह जाग गई और उसने एक चोर को देखा तो शोर मचाया। तब घरवाले जागे तब तक चोर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पाकर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और छानबीन कर साक्ष्य एकत्रित किये। चोरों ने जेवर निकाल कर जेवर की कई छोटी बैग और डिब्बे झाड़ियों में फेंक दिए जिन्हे घरवालों ने इकट्ठा किया।
पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, 23 24 की रात करीब डेढ़ बजे चोरों ने घर मे रखी चांदी की 250 ग्राम पैर की पायल, एक चांदी का कमर बिछुआ 250 ग्राम, 3 जोड़ी पतली पायल चांदी की, दो जोड़ी बिछिया चांदी के, दो जोड़ी कान के झाले सोने के, तीन जोड़ी सोने के कान के टॉप्स, एक मांगबेंदी सोने की, एक सोने की नाक की नथ, एक सोने की अंगूठी, एक चांदी का सिंगल कमर बिछुआ और एक लाख पचास हाजर रुपये नगद चोरी हुआ है।
वहीं थाना प्रभारी रोजा ने बताया कि डेढ़ लाख की नगदी और करीब दो से तीन लाख के जेवर चोरी की तहरीर मिली है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है लेकिन पीड़ित की बेटी ने इन लोगों की पहचान से इनकार कर दिया। पुलिस को आशंका है कि इस घटना में किसी करीबी का हाथ हो सकता है, क्योंकि घर की बारीकी से जानकारी बाहरी व्यक्ति को कैसे थी? फिलहाल पुलिस टीमें सीसीटीवी कैमरे और मुखबिरों के जरिये चोरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। जल्द ही घटना का अनावरण किया जाएगा।
घटना में किसी करीबी के शामिल होने की आशंका
पुलिस सूत्रों की माने तो इस चोरी में किसी करीबी का हाथ हो सकता है क्योंकि जिस तरीके से चोरों ने वारदात को अंजाम दिया वह बाहरी व्यक्ति नहीं कर सकता। चोरों को ये भी पता था कि अलमारी की चाबी कहाँ रखी है और बैग कहां टंगा रहता है ये किसी अपने के शामिल होने की ओर इशारा करता है। फिलहाल ये पुलिस की जांच का विषय है।
दूसरे घर में भी चोरों ने किया चोरी का प्रयास
प्रचंड सर्दी और कोहरे में चोरों की बल्ले बल्ले है। जब आप गहरी नींद में रजाई में दुबके सो रहे होते हैं इसी टाइम चोर घरों और दुकान में घुसकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं। बताया जा रहा है चोरों ने इसी रात एक अन्य घर में चोरी की कोशिश की लेकिन घरवालों के जागने से वह भाग गए और अवनीश के घर को निशाना बनाकर माल उड़ा दिया।
पुलिस पर गस्त ना करने का आरोप
इस घटना में रोजा पुलिस की लापरवाही सामने आई है। पीड़ित और मोहल्ले के लोगों का आरोप है कि पुलिस क्षेत्र में गश्त नहीं करती। लोगों का कहना है कि जब पुलिस कोई घटना होती है तभी मोहल्ले में दिखाई देती है। भीषण ठंड में पुलिसकर्मी भी रजाई में दुबक कर सोते हैं। पुलिस की गाड़ी सायरन बजाकर सिर्फ रोड से ही शाहजहांपुर जिले में गश्त करती है और केवल अपनी फोटो खिंचवाकर अधिकारियों की नजर में नम्बर बढ़ाती है। जमीनी स्तर पर गस्त शून्य के बराबर है।













