Lakhimpur News: लखीमपुर के नवोदय विद्यालय में 160 छात्रों ने खुद को कमरे में बंद किया, मचा हड़कंप
करीब 10 घंटे बाद पुलिस और प्रशासन ने कमरे का ताला तोड़कर छात्रों को बाहर निकाला।
लखीमपुर। (Lakhimpur News) लखीमपुर खीरी जनपद के तहसील मितौली में स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में सोमवार को उस वक्त हंगामा हो गया जब स्कूल में पढ़ने वाले 160 छात्रों ने खुद को कमरे में कैद कर लिया। सुबह 8:00 बजे ही छात्र भूखे-प्यासे अपने आपको हास्टल के कमरों में कैद कर लिया। छात्रों ने विद्यालय प्रशासन पर बहुत ही गंभीर आरोप लगाए हैं। मौके पर पुलिस फोर्स व तहसील प्रशासन मौजूद है और बच्चों से बाहर आने के लिए समझाबुझा रहे थे। करीब 10 घंटे बाद पुलिस और प्रशासन ने कमरे का ताला तोड़कर छात्रों को बाहर निकाला। तब जाकर अधिकारियों ने राहत की सांस ली। (Lakhimpur News)
(Lakhimpur News) हास्टल के 14 कमरों में किया खुद को बंद
मितौली थाना क्षेत्र में बने जवाहर नवोदय विद्यालय परिसर में बने हास्टल में के 14 कमरों में कक्षा 9 से 12 तक के बच्चों ने प्रिंसिपल व अध्यापक कमाल अहमद पर गंभीर आरोप लगाते हुए अपने आपको बंद कर लिया। छात्रों का आरोप है कि प्रिंसिपल विद्यालय परिसर में बच्चों के साथ बहुत ही बुरा व्यवहार करते हैं।
आरोप है कि कमाल अहमद अध्यापक के कहने पर विद्यालय में हिंदू मुस्लिम का भेदभाव फैलाने का काम करते हैं। आए दिन प्रिंसिपल और मास्टर कमाल अहमद प्रताड़ित करते हैं। जिसकी शिकायत कई बार जिला अधिकारी से की गई लेकिन कोई भी आला अधिकारी हम बच्चों की बात को गंभीरता से नहीं ले रहा है। प्रधानाचार्य विद्यालय की छात्राओं से नृत्य कराते हैं। यह सब इसलिए हो रहा है क्योंकि विद्यालय परिसर में किसी भी बाहरी व्यक्ति का आवागमन नहीं है। इसी के चलते हम लोगों के साथ यह व्यवहार किया जा रहा है।
बता दें कि हॉस्टल के कमरों में सुबह 8:00 से बंद छात्रों ने ना तो पानी पिया है और न ही खाने की सामग्री में हाथ लगाया है। बस छात्रों की एक ही मांग है कि जब तक प्रिंसिपल एस के सक्सेना और अध्यापक कमाल अहमद का विद्यालय से ट्रांसफर नहीं होता तब तक हम लोग खुद को ऐसे ही भूखे प्यासे कैद रखेंगे। प्रिंसिपल और अध्यापक कमाल बच्चों को गाली गलौज भी करते हैं।
बच्चे जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े थे। उनका कहना था कि डीएम नहीं आई तो आत्महत्या कर लेंगे। छात्रों ने अंदर से वीडियो बनाकर किया वायरल किया। जिसमें कहा कि तहसील प्रशासन एसडीएम रेनू मिश्रा किसी प्रकार की जोर जबरदस्ती करती है तो हम छात्र किसी भी हद तक जा सकते हैं, जिसका जिम्मेदार प्रशासन स्वयं होगा।
छात्रों के कैद होने की सूचना पर जवाहर नवोदय विद्यालय पहुंचे सहायक आयुक्त आरओ लखनऊ सुमन कुमार ने बताया कि एसडीएम को लिखकर भी दे दिया है और अभी तत्काल फोन से मुझे आश्वासन मिला है कि प्रिंसिपल को हटा दिया जाए। लेकिन लिखित में अभी मेरे पास कुछ भी नहीं आया है। प्रिसिंपल का निलंबन सहायक आयुक्त नहीं कर सकता, इसके लिए उच्च अधिकारी आदेश जारी करेंगे।
विद्यालय में दो दिन का अवकाश, मांगों की जांच के लिए कमेटी गठित
खीरी के जवाहर नवोदय विद्यालय मितौली में छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बाद प्रशासन ने कार्रवाई की। उप जिलाधिकारी मितौली रेणु मिश्रा और मोहम्मदी सहित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्रों को शांत करने का प्रयास किया। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने बंद दरवाजा तोड़कर सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला। छात्रों के लिए भोजन और जलपान की व्यवस्था की गई। अभिभावकों को बुलाकर छात्रों को उनके सुपुर्द किया गया। विद्यालय में दो दिन का अवकाश घोषित किया गया है। प्रशासन को इस घटना में षड्यंत्र की आशंका है। इसकी जांच के आदेश दिए गए हैं। छात्रों की मांगों की जांच के लिए अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया गया है।













