India vs England: वैभव सूर्यवंशी के 175 रन से भारत बना अंडर 19 विश्व चैंपियन
वैभव पूरे टूर्नामेंट में भारत की सफलता के सबसे बड़े स्तंभ रहे।
India vs England
नई दिल्ली। (India vs England) भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में शानदार 175 रन की पारी खेलकर प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीता। इसके साथ ही उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 439 रन और 1 विकेट के साथ प्लेयर ऑफ द सीरीज़ का खिताब भी अपने नाम किया। वैभव पूरे टूर्नामेंट में भारत की सफलता के सबसे बड़े स्तंभ रहे। (India vs England)
(India vs England) वैभव ने खेली ऐतिहासिक पारी
भारत को अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब जिताने वाले वैभव सूर्यवंशी ने फाइनल के बाद मिले प्लेयर ऑफ द फाइनल अवॉर्ड को टीम के सपोर्ट स्टाफ को समर्पित किया। इंग्लैंड के खिलाफ खिताबी मुकाबले में वैभव की ऐतिहासिक पारी ने भारत को रिकॉर्ड छठा खिताब दिलाया।
फाइनल में 14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने 80 गेंदों में तूफानी 175 रन ठोके, जिसकी बदौलत भारत ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 9 विकेट पर 411 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके बाद इंग्लैंड की टीम 311 रन पर सिमट गई और भारत ने 100 रन से जीत दर्ज की
प्रेजेंटेशन सेरेमनी में भावुक दिखे वैभव ने कहा- मैं अपनी भावनाओं को शब्दों में बयां नहीं कर सकता। पिछले 7-8 महीनों से हम सभी ने कड़ी मेहनत की है। सपोर्ट स्टाफ हमेशा हमारे साथ खड़ा रहा, हमारी फिटनेस और मानसिक स्थिति का पूरा ध्यान रखा। यह अवॉर्ड उन्हीं को समर्पित है।
उन्होंने आगे कहा कि पिछले आठ-नौ महीनों की लगातार तैयारी और टीम-स्टाफ के तालमेल ने ही इस सफलता की नींव रखी।
वैभव सूर्यवंशी इस टूर्नामेंट में प्लेयर ऑफ द फाइनल और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट दोनों अवॉर्ड जीतने वाले पहले खिलाड़ी बने। उन्होंने अंडर-19 क्रिकेट का सबसे तेज 150 भी अपने नाम किया, जो सिर्फ 71 गेंदों में आया।
इंग्लैंड की ओर से कालेब फाल्कनर ने 67 गेंदों में 115 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली, लेकिन नियमित अंतराल पर गिरते विकेट उनकी टीम को लक्ष्य तक नहीं पहुंचा सके।
आईपीएल में पिछले साल सुर्खियों में आए वैभव ने फाइनल में 15 छक्के और 15 चौके जड़ते हुए ICC टूर्नामेंट फाइनल में किसी भी बल्लेबाज़ का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर भी दर्ज किया।
पीएम नरेंद्र मोदी ने दी बधाई
पीएम नरेंद्र मोदी ने भारतीय टीम को अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 जीतने की बधाई दी। उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, “भारत की प्रतिभा क्रिकेट में चमक रही है। हमें अपनी अंडर-19 टीम पर गर्व है, जिसने अंडर-19 वर्ल्ड कप जीता है। टीम ने टूर्नामेंट के दौरान शानदार खेल दिखाया और यह जीत कई युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी। प्लेयर्स के उनके शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई।”
सचिन तेंदुलकर ने टीम को बधाई देते हुए लिखा- चैंपियंस! इस युवा टीम और उनके निडर क्रिकेट पर बहुत गर्व है। कोच और सपोर्ट स्टाफ समेत पूरी टीम को बहुत-बहुत बधाई। इस पल का आनंद लें! जब आपके पास सूर्यवंशी हो, तो एक टाइमलेस ब्लॉकबस्टर की उम्मीद तो होगी ही! बहुत बढ़िया, वैभव!’
विराट कोहली हुए खुश
भारत को अपनी कप्तानी में अंडर-19 वर्ल्ड कप जिता चुके विराट कोहली भी इस मौके पर खुश दिखाई दिए। उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, “अंडर-19 भारतीय टीम को वर्ल्ड कप दोबारा जीतने पर हार्दिक बधाई। अंडर-19 क्रिकेट और उससे आगे भी हमारा दबदबा कायम है। पूरी टीम और सहायक स्टाफ को बहुत-बहुत बधाई।”













