उत्तर प्रदेशक्राइम

Hathras News: हाथरस में एसडीएम आवास के सामने डीएम के ड्राइवर की बेटी की हत्या

मां बोली- मेरी बेटी को मेरी बहू के दोस्त गुलशन ने गोली मारी है।

हाथरस। (Hathras News) एसपी साहब मुझे गोली के बदले गोली चाहिए। अपनी बेटी की लाश को देखकर उर्मिला बार-बार बेहोश हो जा रही है। वह अपने आप को भी कोस रही थी कि आखिर वह आज शॉपिंग को क्यों गई। मेरी बेटी को मेरी बहू के दोस्त गुलशन ने गोली मारी है। मेरे सामने हमलावरों ने गोली मार दी। मैं कुछ समझ ही नहीं पाई। मेरी बहू ने हत्या करवाई है। वह हम लोगों से पता नहीं क्यों दुश्मनी मानती है। जबकि 6 महीने से वह अलग रही है। गोली मारकर हत्या की गई युवती की मां का ये कहना है। (Hathras News)

(Hathras News) शॉपिंग करके लौट रही थी बेटी

हाथरस डीएम राहुल पांडेय के ड्राइवर राकेश कुमार शर्मा की बेटी अपनी मां के साथ शॉपिंग करके लौट रही थी। इसी दौरान उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक सवार युवक मौके से फरार हो गए। वारदात तहसील सदर के पास हुई।

मृतका की पहचान कल्पिता शर्मा (24) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भीड़ जमा हो गई। कल्पिता को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।

तहसील सदर के क्वार्टर में राकेश कुमार शर्मा अपनी पत्नी उर्मिला देवी के साथ रहते हैं। राकेश शर्मा के 3 बच्चे थे। कल्पिता शर्मा सबसे छोटी बेटी थी। बाकी दोनों बेटे हैं। बड़े बेटे विशाल की शादी हो चुकी है। विशाल की शादी साल- 2022 में ज्योति के साथ हुई थी। इसके बाद ज्योति की अपने ससुराल वालों के साथ खटपट होने लगी। विशाल मथुरा रोड पर कलेक्ट्रेट के पास जनरल मर्चेंट की दुकान करता है।

ससुराल वालों और पति से झगड़े की वजह से करीब 6 महीने से बहू ज्योति अपने प्रेमी गुलशन के साथ रह रही थी।

वहीं राकेश का छोटा बेटा आकाश अभी पढ़ाई कर रहा है और अविवाहित है। बेटी कल्पिता शर्मा नर्सिंग का कोर्स कर चुकी थी। उसका रिश्ता भी पिछले दिनों पक्का हो गया था। आज शाम 6 बजे कल्पिता अपनी मां के साथ शॉपिंग करने गई थी।

रात करीब 8 बजे मां-बेटी स्कूटी से शॉपिंग करके घर लौट रही थीं। अलीगढ़ रोड के तहसील सदर के गेट के पर दो बुलेट सवार लोगों ने कल्पिता शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी। गोली कल्पिता शर्मा के बाजू और फिर चेस्ट में लगी।

मां ने कहा- मेरी बहू के प्रेमी ने की हत्या
मां उर्मिला ने बताया- हम लोग शॉपिंग से लौट रहे थे। तभी 2 लोग बुलेट से आए। मेरी स्कूटी के आगे बुलेट लगा दी। इसके बाद मेरी बेटी पर गोली चला दी। मेरी बेटी स्कूटी से गिर गई। उसकी मौके पर मौत हो गई। गोली चलाने वाला मेरी बहू का प्रेमी गुलशन निवासी सादाबाद है। मेरी बहू का नाम ज्योति शर्मा है। उसी ने हत्या करवाई है। रिवाल्वर भी मेरे घर से बहू ही चोरी करके ले गई थी। मेरे बेटे की 3 साल पहले शादी हुई थी।

मां ने कहा- जिस तरह से मेरी बेटी के गोली मारी गई है, वैसे ही गोली मारने वाले की भी हत्या की जाए। आखिर मैं क्यों बेटी को आज शॉपिंग के लिए ले गई? मेरी लाडो चली गई।

8 महीने पहले गायब हुई थी पिस्टल
राकेश शर्मा ने बताया- मेरी बेटी को गोली मारी गई है। मैं तहसील में रहता हूं। बेटे विशाल की पत्नी ज्योति से परिवार का करीब एक साल मनमुटाव चल रहा है। जनवरी में वह घर से चली गई थी। इसके बाद अपने प्रेमी गुलशन के साथ ही रहने लगी थी। अप्रैल के महीने में तलाक का केस भी फाइल हुआ था।

ज्योति मेरे पूरे परिवार से दुश्मनी मानती है। आज ज्योति के प्रेमी गुलशन ने कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर मेरी बेटी की हत्या की है।

मेरे घर से करीब 7-8 महीने पहले मेरी लाइसेंसी पिस्टल चोरी हो गई थी। उस समय ज्योति का एक रिश्तेदार श्याम उर्फ सूरज घर आया था। उसके खिलाफ हमने पिस्टल चोरी का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस अभी तक पिस्टल तलाश नहीं पाई है। राकेश ने उसी पिस्टल से हत्या किए जाने का अंदेशा जताया है।

SP चिरंजीव नाथ सिन्हा ने कहा- इन लोगों का अपनी बहू से विवाद चल रहा है। मृतका की मां ने बताया है कि बहू के बॉयफ्रेंड ने गोली मारी है। इस मामले में पुलिस कानूनी कार्रवाई कर रही है।

लोगों में घटना के बाद दहशत
इधर इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। हमलावरों ने तहसील के सामने गोली मारी। ठीक सामने उपजिलाधिकारी का निवास है और कैंपस में अपर पुलिस अधीक्षक, सीओ सिटी सहित कई अधिकारी रहते हैं, लेकिन पूरा पुलिस फोर्स तमाशाबीन बना रहा और हमलावर वहां से चले गए।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button