भाजपा नेता करण भूषण सिंह के काफिले की फॉर्च्यूनर कार ने दो बच्चों को कुचला, मौत
पुलिस पूरे मामले में आगे की कार्यवाही करने में जुटी हुई है।

गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जनपद में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां भाजपा नेता करन भूषण शरण सिंह के काफिले की कार ने 3 बच्चों को रौंद दिया। सड़क हादसे में 2 बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक बच्चे की हालत गम्भीर बनी हुई है। घटना से लोगों में आक्रोश व्याप्त है। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार फार्च्यूनर कार ने 3 बच्चों को रौंद दिया। यह घटना कर्नलगंज कोतवाली क्षेत्र के हुजूरपुर मार्ग पर बैकुंठ डिग्री कालेज के पास हुई है। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पूरे मामले में आगे की कार्यवाही करने में जुटी हुई है। पुलिस के मुताबिक फॉर्च्यूनर कर कब्जे में ले ली गई है आगे की कार्यवाही जारी है।
कैसरगंज से मौजूदा बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह के बेटे करण भूषण सिंह के काफिले से हुए इस हादसे ने गोंडा में हलचल तेज कर दी है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और अन्य लोगों ने आनन-फानन में घायलों को स्थानीय सीएचसी पहुंचाया। चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दो की मौत से अक्रोशित भीड़ ने स्थानीय सीचसी का घेराव किया। लोग आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे।













