Barabanki News: बाराबंकी में नकली खाद बनाने की फैक्टरी पकड़ी गई
राजितराम, जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि किसानों द्वारा पैगंबरपुर के पास एक फैक्टरी से नकली खाद बनाने की सूचना पर रात में फैक्टरी और गोदाम को सील करा दिया गया था।
Barabanki News
बाराबंकी। (Barabanki News) बाराबंकी के पैगंबरपुर क्षेत्र में एक फैक्ट्री से नकली खाद और जिंक बनाकर किसानों को बेचे जाने का मामला सामने आया है। किसानों द्वारा अधिकारियों को सूचना देने के बाद शुक्रवार को कृषि विभाग की टीम ने फैक्ट्री और गोदाम पर छापा मार कर नकली खाद बनाने का 200 क्विंटल कच्चा माल बरामद किया है। अधिकारियों ने फैक्ट्री और गोदाम को सील करते हुए मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। (Barabanki News)
(Barabanki News) किसानों की सूचना पर टूटी अधिकारियों की नींद
बृहस्पतिवार रात किसानों ने फैक्ट्री से नकली खाद बनाकर बेचे जाने की सूचना अधिकारियों को दी। अधिकारियों ने तत्काल रात में फैक्ट्री और दुकान को बंद करा दिया। किसी गड़बड़ी की आशंका के चलते किसान रात भर फैक्ट्री पर पहरा देते रहे।
शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे जिला कृषि अधिकारी राजित राम और तहसीलदार कविता ठाकुर फैक्ट्री पहुंचे और ताला खुलवाकर जांच शुरू की। टीम ने मौके से 430 बोरी जिप्सम, 189 बोरी लाल पाउडर, 121 बोरी फास्फेटिक, 17 खाली बोरी पोटाश, एक मशीन, धागा, लाल कलर पाउडर और कृभको कंपनी की खाली बोरियां बरामद कीं।
इस फैक्ट्री का संचालन प्रमोद वर्मा उर्फ दीपू द्वारा किया जा रहा था, जिनकी रसूलपुर चौराहे पर खाद की दुकान भी है। टीम ने उसकी दुकान और गोदाम की भी जांच की। गोदाम से 250 बोरी तलवार जिंक, 111 बोरी असल बलवान, 140 बोरी मोनो जिंक, 115 बोरी रामबाण सुपर, कृभको की 126 बोरी, 20:20:14 की 100 बोरी, 20:20:13 की 45 बोरी और आईपीएल डीएपी की 45 बोरी बरामद की गई। दुकान से भी 100 बोरी डीएपी, 50 बोरी एनपीके, 70 बैग जिंक और लगभग 35 बोरी पोटाश बरामद हुई है। टीम ने बरामद सभी सामग्री के नमूने भरकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं और फैक्टरी तथा गोदाम को सील कर दिया गया है।
किसानों की कमाई पर डाल रहे डाका
भाकियू के जिला अध्यक्ष रामबरन वर्मा, सुरेंद्र सिंह व अंकित वर्मा ने बताया कि नकली खाद का कारोबार करने वाले किसानों की कमाई पर डाका डाल रहे हैं और अधिकारी हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं। इतने बड़े पैमाने पर क्षेत्र में नकली खाद बनाकर किसानों को बेची जा रही है और इसकी जानकारी विभाग को न हो ये मुमकिन नहीं है।
क्या कहते हैं जिम्मेदार
इस सम्बंध में राजितराम, जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि किसानों द्वारा पैगंबरपुर के पास एक फैक्टरी से नकली खाद बनाने की सूचना पर रात में फैक्टरी और गोदाम को सील करा दिया गया था। शुक्रवार सुबह जांच में यहां से बरामद सामग्री को फैक्टरी और गोदाम और दुकान में सील कर दिया गया है। डीएम से अनुमोदन के बाद आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कराया जाएगा।













