उत्तर प्रदेशक्राइम

Budaun News: बदायूं में हिंदुस्तान पेट्रोलियम के 2 अफसरों की हत्या

आरोपी अजय प्रताप सिंह उर्फ रामू प्लांट में पराली वेंडर था। तीन महीने पहले उसकी फर्म को ब्लैक लिस्टेड कर दिया गया था।

Budaun News
बदायूं। (Budaun News) यूपी के बदायूं में ठेकेदार ने हिंदुस्तान पेट्रोलियम के DGM यानी उप महाप्रबंधक सुधीर गुप्ता (55 साल) और असिस्टेंट मैनेजर सेल्स हर्षित मिश्रा (35 साल) की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी अजय प्रताप सिंह उर्फ रामू प्लांट में पराली वेंडर था। तीन महीने पहले उसकी फर्म को ब्लैक लिस्टेड कर दिया गया था। इससे वह खुन्नस मान रहा था। उसने जान से मारने की धमकी दी थी। (Budaun News)

(Budaun News) खौफ में DGM ने वीआरएस ले लिया था, पुलिस ने नहीं की कार्रवाई

हर्षित मिश्रा ने 4 फरवरी को अजय के खिलाफ मूसाझाग थाने में केस दर्ज कराया था। सिक्योरिटी मांगी थी। सुधीर गुप्ता अजय की धमकियों से इस कदर खौफ में थे कि उन्होंने वीआरएस ले लिया था। 31 मार्च को उन्हें चार्ज छोड़ना था। असिस्टेंट मैनेजर हर्षित ने प्लांट से ट्रांसफर मांगा था। बावजूद इसके आरोपी पर पुलिस ने कोई एक्शन नहीं लिया।

देर रात SSP डॉ. बृजेश सिंह ने मामले में लापरवाही बरतने पर थाना प्रभारी अजय कुमार, हल्का प्रभारी SI धर्मेन्द्र कुमार को सस्पेंड कर दिया। जांच CO सिटी रजनीश कुमार उपाध्याय को सौंपी है।

हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड का सैंजनी गांव में कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट है। यहां पराली से हर दिन 14 मीट्रिक टन ईंधन का उत्पादन किया जाता है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गुरुवार दोपहर करीब एक बजे सैंजनी निवासी अजय प्रताप सिंह कुछ लोगों के साथ जबरन प्लांट पर घुस आया। उसने सुधीर और हर्षित के साथी गाली गलौज शुरू कर दी। दोनों अधिकारियों ने उसका विरोध किया। इसी बीच अजय ने फायरिंग शुरू कर दी। जिससे सामने खड़े दोनों अधिकारियों को गोली लग गई और वे घायल होकर गिर पड़े। इसके बाद आरोपी मौके से भाग निकला।

दोनों अधिकारियों को घायल अवस्था में दातागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद HPCL प्लांट, दातागंज CHC और जिला अस्पताल में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्लांट के अंदर किसी को भी जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।

हत्या की वजह जनवरी में हुआ विवाद बताया जा रहा है। अजय प्रताप सिंह ने प्लांट में उत्पात मचाया था। वह सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए अंदर घुस गया था। इस पर उसका कॉन्ट्रैक्ट खत्म कर दिया। फर्म भी ब्लैक लिस्टेड कर दी गई थी।

इस पर उसने DGM सुधीर गुप्ता को जान से मारने की धमकी दी थी। उस वक्त अजय प्रताप सिंह ने खुद को नोएडा और शाहजहांपुर के कुख्यात गैंगस्टर गिरोहों से जुड़ा हुआ बताया। अपने शरीर पर चाकुओं के निशान दिखाते हुए कहा था- वह सबको सबक सिखा देगा।

इसके बाद आरोपी ने अफसरों की गाड़ियों का पांच किलोमीटर तक पीछा किया। इस दौरान उसने बार-बार ओवरटेक कर अधिकारियों को जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में असिस्टेंट मैनेजर हर्षित मिश्रा ने 4 फरवरी को FIR दर्ज कराई थी।

सुधीर गुप्ता के पिता का नाम दयाकिशन है। वह मूलत: नोएडा के सिल्वर एस्टेट अपार्टमेंट, सेक्टर-50 के रहने वाले थे। अभी फिलहाल वह बरेली में संजय कम्युनिटी के सामने रह रहे थे।

वहीं, हर्षित मिश्रा पीलीभीत के पूरनपुर के रहने वाले थे। हर्षित मिश्रा दो भाइयों में बड़े थे। उनकी शादी दो साल पहले सुमत मिश्रा से हुई थी। पिता पूरनपुर की चीनी मिल में काम करते थे। छोटा भाई वैभव मिश्रा राजस्थान के बाड़मेर में एग्जीक्यूटिव मैनेजर है।

आरोपी अजय उर्फ रामू दौ भाई और हैं। इनके नाम मीचकू और शेखर हैं। रामू के दो बेटे और एक बेटी हैं। गांव के पास उसकी 6 दुकानें हैं। करीब 35 बीघा जमीन है। रामू का चचेरा भाई अभय प्रताप जिला पंचायत सदस्य रह चुका है। वह भाजपा के एक विधायक का करीबी बताया जाता है।

मामले में बदायूं सांसद आदित्य यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

वहीं प्लांट के जूनियर एग्जक्यूटिव जीशान की शिकायत पर आरोपी अजय प्रताप सिंह उर्फ रामू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

एसएसपी डॉ ब्रजेश सिंह ने बताया कि HPCL प्लांट में ऑफिसर्स मीटिंग कर रहे थे। इसी दौरान प्लांट का पूर्व वेंडर आता है और फायरिंग करने लगता है। तत्काल घायलों को अस्पताल भेजा गया। जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button