उत्तर प्रदेशदेश

Ayodhya News: पीएम मोदी ने अयोध्या राम मंदिर पर लहराई धर्म ध्वजा

अयोध्या में बने भव्य श्री राम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर भगवा लहरा गया। पीएम मोदी ने शुभ मुहूर्त में 22 फीट लंबे, 11 फीट चौड़े और लगभग 3 किलो वजनी धर्म ध्वजारोहण किया।

Ayodhya News: पीएम मोदी ने अयोध्या राम मंदिर पर लहराई धर्म ध्वजा
अयोध्या। (Ayodhya News) आखिरकार 500 वर्षों का इंतजार खत्म हुआ। अयोध्या में बने भव्य श्री राम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर भगवा लहरा गया। पीएम मोदी ने शुभ मुहूर्त में 22 फीट लंबे, 11 फीट चौड़े और लगभग 3 किलो वजनी धर्म ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल सहित देशभर से आए करीब 7000 मेहमान इस ऐतिहासिक पल के गवाह बने। ध्वजारोहण से पूर्व पीएम मोदी ने सप्तमंदिर में सप्त ऋषियों के दर्शन और भगवान राम की आरती की। (Ayodhya News)

(Ayodhya News) पीएम मोदी ने की रामलला की पूजा

पीएम नरेंद्र मोदी ने राम मंदिर में ध्वजारोहण कार्यक्रम को लेकर रामलला के दरबार में हाजिरी लगाई। रामलला की पूजा-अर्चना की। इसकी तस्वीरों को उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर शेयर किया और अपने भाव लिखे हैं। उन्होंने लिखा कि अलौकिक श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में श्रीराम परिवार के दर्शन का सुअवसर मिला। यह क्षण श्रद्धा और भक्ति से भावविभोर कर गया। प्रभु श्री राम, माता जानकी, शेषावतार लक्ष्मण जी और सकल परिवार का दिव्य ये स्वरूप, भारत की चेतना की साक्षात प्रतिमूर्ति-सा है। ये असंख्य रामभक्तों की तपस्या का प्रतिफल है। मेरी प्रार्थना है कि प्रभु श्री राम का दिव्य आशीष संपूर्ण भारतवासियों के जीवन को यश और कीर्ति दे।

अन्नपूर्णा मंदिर में पीएम ने की पूजा
पीएम नरेंद्र मोदी ने अयोध्या राम मंदिर में ध्वजारोहण के बाद विभिन्न मंदिरों में दर्शन और पूजन किया। उन्होंने एक्स पर लिखा कि आज अयोध्या में माता अन्नपूर्णा मंदिर में पूजा-अर्चना का सौभाग्य प्राप्त हुआ। देवी मां से समस्त देशवासियों के उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की। माता अन्नपूर्णा अन्न, आनंद और अभय की अधिष्ठात्री देवी हैं। मेरी प्रार्थना है कि उनका आशीर्वाद, विकसित भारत के हर प्रयास को यश और सौभाग्य से जोड़कर गति प्रदान करे।

पीएम मोदी ने किया सप्त मंदिरों में दर्शन
पीएम नरेंद्र मोदी ने ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान सप्त मंदिरों का भी दर्शन किया। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि आज अयोध्या में रामलला मंदिर के ध्वजारोहण अनुष्ठान से पूर्व मंदिर परिसर में सप्त मंदिरों के दर्शन कर आशीर्वाद लेने का सौभाग्य भी मिला। महर्षि वशिष्ठ, महर्षि विश्वामित्र, महर्षि अगस्त्य, महर्षि वाल्मीकि, देवी अहिल्या, निषादराज एवं माता शबरी के सप्त मंदिरों से वह बोध एवं भक्ति प्राप्त होती है, जो हमें प्रभु राम के चरणों के योग्य बनाती है।

ध्वजारोहण के बाद पीएम मोदी बोले, भाव-विहोर करने वाला अनुभव
अयोध्या राम मंदिर में ध्वरोहण कार्यक्रम के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने अपनी भावनाएं जाहिर की हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या के पावन धाम में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में ध्वजारोहण समारोह का हिस्सा बनना मेरे लिए अत्यंत भावविभोर करने वाला अनुभव रहा। शुभ मुहूर्त में संपन्न हुआ यह अनुष्ठान हमारे सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्रीय एकता के नए अध्याय का उद्घोष है। राम मंदिर का गौरवशाली ध्वज, विकसित भारत के नवजागरण की संस्थापना है। ये ध्वज नीति और न्याय का प्रतीक हो, ये ध्वज सुशासन से समृद्धि का पथ प्रदर्शक हो और ये ध्वज विकसित भारत की ऊर्जा बनकर इसी रूप में सदा आरोहित रहे…..भगवान श्री राम से यही कामना है। जय जय सियाराम।

अयोध्‍या सांसद अवधेश प्रसाद को नहीं बुलाने पर इमरान मसूद नाराज
सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने राम मंदिर ध्‍वजारोहण कार्यकम को लेकर बीजेपी और योगी सरकार पर निशाना साधा है। इमरान ने कहा कि अयोध्‍या के सपा सांसद अवधेश प्रसाद चूंकि दलित हैं, इसलिए उनको आमंत्रित नहीं किया गया। यह बहुत निराश करने वाला है। अगर प्रधानमंत्री अयोध्‍या आ रहे हैं तो सबसे पहले तो स्‍थानीय सांसद को ही बुलाना चाहिए।

लखनऊ में किया अयोध्या ध्वजारोहण को याद
सीएम योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के कार्यक्रम में अयोध्या ध्वजारोहण कार्यक्रम को याद किया। उन्होंने कहा कि भारत के सनातन भगवा ध्वज का आज आरोहण श्रीराम मंदिर के शिखर पर हुआ है। यह वही भगवा ध्वज है, जिसकी रक्षा के लिए सिख गुरुजनों और उनकी पीढ़ियों ने अपना बलिदान दिया है। सीएम योगी सिख पंथ के नौवें गुरु ‘हिन्द दी चादर’ गुरु श्री तेग बहादुर जी महाराज के 350वें शहीदी दिवस के अवसर पर आज लखनऊ में आयोजित ‘विशेष गुरुमति समागम’ में सम्मिलित हुए। इस दौरान उन्होंने गुरु श्री तेग बहादुर जी महाराज की पावन स्मृतियों को नमन किया।

अपर्णा यादव ने कहा, राम मंदिर युगांतकारी पहल
भाजपा नेता और मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव ने राम मंदिर ध्वजारोहण पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर भारतीय संस्कृति, आस्था और पहचान को सशक्त करने वाली युगांतकारी पहल है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की प्रतिबद्धता ने वह सपना पूरा किया, जिसे अनगिनत पीढ़ियों ने अपने मन में संजोया था। यह निर्माण हिन्दू समाज ही नहीं, पूरे राष्ट्र की आध्यात्मिक उन्नति और गौरव का प्रतीक बनकर उभरा है। राम मंदिर के रूप में सनातन संस्कृति का स्वर्णिम अध्याय विश्व पटल पर अंकित हुआ है।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button