Bulandshahr News: बुलंदशहर में कफ सिरप पीने से चार साल के मासूम की मौत
Bulandshahr News
बुलंदशहर। (Bulandshahr News) बुलंदशहर में एक बच्चे की कफ सीरप पीने से मौत हो गई। भैयादूज पर अलीगढ़ से मां के साथ अपनी ननिहाल अनूपशहर आए चार वर्षीय बालक की कफ सिरप पीने के बाद हालत बिगड़ गई। दिल्ली सफदरजंग चिकित्सालय में उपचार के दौरान मासूम की मौत हो गई। बालक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। (Bulandshahr News)
(Bulandshahr News) बिगड़ती चली गई गोलू की तबियत
अनूपशहर के मोहल्ला मदारगेट स्थित गिहारा बस्ती निवासी भोजराज की बेटी ममता की शादी अलीगढ़ निवासी तुलसीदास से हुई थी। भैयादूज पर ममता सर्दी खासी से ग्रस्त अपने 4 वर्षीय पुत्र गोलू समेत तीन बच्चों के साथ मायके अनूपशहर आई थी। ममता अलीगढ़ से गोलू की दवाई भी साथ लाई थी। शुक्रवार को गोलू की खांसी बढ़ने पर ममता सिरप पिलाकर किसी कार्य से घर से बाहर चली गई। इसके बाद गोलू को तेजी से खांसी उठी तो घर पर अन्य बच्चों ने उसे दो ढक्कन कफ सिरप और पिला दिया, जिसके बाद गोलू की तबीयत और बिगड़ती चली गई।
तबीयत खराब होने पर परिजन गोलू को अलीगढ़ चिकित्सालय ले गए। वहां से चिकित्सकों ने गंभीर हालत में उसे मेरठ रेफर कर दिया। तबीयत में सुधार न होने पर ममता गोलू को मेरठ से दिल्ली सफदरगंज चिकित्सालय ले गई। वहां उपचार के दौरान गोलू ने शनिवार सुबह छह बजे दम तोड़ दिया, जिससे परिवार में कोहराम मच गया। गमगीन माहौल में शव का मस्तराम घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया है।
डॉक्टर ने रख लिया था कफ सिरप
बहन भाई का त्योहार भैया दूज के पर्व को मनाने के लिए ममता अपनी ससुराल मोहल्ला खान गढ़ी अलीगढ से बीमार गोलू को डॉक्टर से दवाई लेकर अपने भाइयों को मंगल तिलक करने पहुंची थी। उसे क्या पता था कि उसके ऊपर दुखों का पहाड़ टूटने वाला है। खुशी से मोहल्ले मे अपनी सहेलियों से मिल रही थी। अचानक गोलू की तबीयत इतनी खराब हो गई कि वह बेहोश हो गया। सब कुछ छोड़कर मां गोलू को लेकर चिकित्सालय में इधर उधर भागती रही, किंतु कहीं उसे सुकून नहीं मिल पाया।
गोलू की मौत दिल्ली के सफदरजंग में हो गई। चिकित्सकों से गोलू की मौत की खबर सुनकर ममता का रो रोकर बुरा हाल हो गया। इस दुख को शायद वह जीवन भर भुला नहीं पाएगी। परिवार में सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।
बुलंदशहर के जिला औषधि निरीक्षक, अनिल आनंद ने कहा कि अभी मामला संज्ञान में नहीं आया है। अलीगढ़ से यदि कफ सीरप खरीदा गया है तो वहां के डीआई को इसके बारे में सूचना दे दी जाएगी। वह अपने स्तर से जांच कर लेंगे। सीएचसी प्रभारी, पीके मिश्रा ने कहा कि मामला संज्ञान में नहीं है। और ना ही चिकित्सालय में ऐसा कोई मरीज आया। लोगों से अपील है कि वह झोलाछाप डॉक्टरों के बहकावे में न आएं सीएचसी में अपना उपचार कराएं। सभी मरीजों को उचित उपचार दिया जा रहा है।







