Lucknow News: लखनऊ में Online Game में 14 लाख हार गया 13 साल का बेटा तो लगा ली फांसी, पिता ने घर बनवाने के लिए खेत बेचकर रखे थे 14 लाख रुपये
मौके पर पहुंची पुलिस ने सबको कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है।
Lucknow News
लखनऊ। (Lucknow News) विगत वर्षों ब्लू व्हेल गेम बहुत प्रचलित हुआ था और इस गेम के चंगुल में फंसकर कई लड़कों ने अपना टास्क पूरा करने के लिए जान गंवाई थी। लेकिन अब ऑन लाइन गेम फ्री फायर के चक्कर में लखनऊ में चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पिता ने घर बनवाने के लिए 14 लाख रुपए खेत बेच कर रखे थे लेकिन उसका नाबालिक 13 साल का बेटा ऑनलाइन गेम फ्री फायर में यह पैसे हार गया। सदमे में आकर 13 वर्षीय किशोर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मौके पर पहुंची पुलिस ने सबको कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है। (Lucknow News)
(Lucknow News) गेम में पैसे हारने से घबरा गया था यश
ऑनलाइन गेम फ्री फायर के जाल में फंसकर राजधानी लखनऊ में 13 साल के यश ने जान दे दी। मकान बनवाने के लिए खेत बेचकर बैंक में जमा पिता के 14 लाख रुपये वह गेम में हार गया था। इससे वह घबरा गया था।
मामला मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के धनुवासाड़ गांव का है। गांव निवासी सुरेश कुमार यादव का बेटा यश कुमार कक्षा छह में पढ़ता था। एसीपी मोहनलालगंज रजनीश वर्मा के मुताबिक, सोमवार को सुरेश बैंक में रकम निकालने गए थे। वहां पता चला कि खाते में पैसे ही नहीं हैं। वह बैंक मैनेजर को खाते से पैसे गायब होने की शिकायत करके लौट आए।
डर के मारे फंदा लगा लिया
सुरेश ने घर आकर परिजनों को पूरी बात बताई। तब यश घर पर ही था। उसे जैसे ही पता चला कि खाते से रकम गायब होने की जानकारी पिता को हो गई है, वह पढ़ाई के बहाने बैग लेकर छत पर बने कमरे में चला गया। कमरे में डर के मारे फंदा लगा लिया।
रात को यश की बहन गुनगुन ऊपर कमरे में गई तो यश को फंदे पर लटका देखा। गुनगुन चीख पड़ी तो आवाज सुनकर परिजन छत पर पहुंचे और यश को फंदे से नीचे उतारकर सीएचसी लेकर गए। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बैटल रॉयल शैली का गेम है फ्री फायर
फ्री फायर गेम बैटल रॉयल शैली पर आधारित है। इसमें गेम खेलने वाला दूसरों से लड़ता है। खेलने वाले को हथियार ढूंढने होते हैं और दुश्मनों को खत्म करना होता है। बच्चे गेम में पसंद की चीजें खरीदने के लिए पैसे खर्च करते हैं और लाखों गंवा देते हैं। वर्ष 2022 में सरकार ने डाटा प्राइवेसी और सुरक्षा के चलते इस गेम को बैन कर दिया था, लेकिन अभी भी यह पहुंच में है।













